नहर में मिला पांच माह का भ्रूण,

 मेडिकल कॉलेज रोड पर बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच माह का भ्रूण नहर में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लिया गया। पुलिस ने भ्रूण को नूंह सीएचसी में रखवा दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले से जुड़े आरोपियों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे नलहड़ गांव के सलमु ने भ्रूण को नहर में देखा। पानी कम होने के कारण भ्रूण को देखकर उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पर एकत्रित हो गए और इसकी सूचना नलहड़ पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से भ्रूण को निकाला गया। जांच अधिकारी विक्रांत ने कहा कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। भ्रूण किसका है और कौन इसे छोड़कर गया इसका पता लगाया जाएगा। पोस्टमार्टम के लिए भ्रूण को नूंह सीएचसी में रखा गया है।