घरों के बाहर खड़े आधा दर्जन दोपहिया वाहन फूंके, हड़कंप

विजयनगर थानाक्षेत्र के अकबरपुर बहरामपुर में बृहस्पतिवार तड़के घरों के बाहर खडे़ आधा दर्जन दोपहिया वाहनों को आग लगा दी गईं। एक बाइक में धमाका होने पर लोग बाहर निकले तो कई बाइक जलती देख अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पानी व रेत की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक वाहन जल चुके थे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर केस दर्ज कर लिया है।
बुधवार रात अकबरपुर बहरामपुर की कई गलियों में घरों के बाहर नौ बाइक, एक स्कूटी खड़ी थी। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर की सीमा में आने वाले 25 फुटा रोड पर भी दोपहिया वाहन खड़े थे। बृहस्पतिवार तड़के करीब 4 बजे अज्ञात लोगों ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर दोपहिया वाहनों में आग लगा दी और भाग खड़े हुए। एक बाइक से धमाका होने पर लोग बाहर निकले तो हड़कंप मच गया। लोगों ने पानी व रेत डालकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लोगों के मुताबिक अकबरपुर बहरामपुर निवासी शकील, राहुल यादव, गुड्डू, अजय, सोनू व अमरेश के दोपहिया वाहन आग में जलकर राख हो गए।
आग की तरह फैली घटना की चर्चा
एक साथ कई वाहनों में आग लगाने की घटना की चर्चा क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों का मौके पर तांता लग गया। वहीं, विजयनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया। एसएचओ नागेंद्र चौबे का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
कई वाहन भाजपा से जुड़े लोगों के, चुनावी रंजिश में लगाई आग : पार्षद
पुलिस का मानना है कि किसी शरारती तत्व ने घटना को अंजाम दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। कॉलोनी में देर रात कौन-कौन लोग आए गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, पार्षद पिंटू सिंह ने मामले को राजनीतिक द्वेष से जुड़ा बताया है। उनका कहना है कि जलने वाले अधिकांश वाहन भाजपा से जुड़े लोगों के हैं। चुनावी रंजिश में वाहनों में आग लगाई गई है।