अब एप की मदद से पढ़ पाएंगे सरकारी स्कूल के बच्चे

बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की लेखनी और वर्तनी पर जोर दिया जाएगा। शिक्षक-शिक्षिकाएं मोबाइल एप के माध्यम से लेखनी और वर्तनी दोनों में सुधार कराएंगे।
सरकार परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की स्थिति को लगातार सुधारने के लिए नई-नई पहल कर रही है। अब निजी स्कूलों की तर्ज पर शिक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें छात्रों को पाठ्यक्रम के साथ अन्य विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। अब पाठ्यक्रम में पढ़ाई करने के साथ छात्रों को सुंदर लेखनी पर भी ध्यान दिया जाएगा। स्कूलों में छोटी कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्रों को अक्षरों का ज्ञान तो देते हैं और उनको लिखना भी सिखाते हैं लेकिन उनकी लेखनी पर विशेष ध्यान नहीं दिया जाता है। अब प्रत्येक छात्र-छात्रा की लेखनी पर भी विशेष जोर रहेगा। कुछ ऐसे अक्षर जो दिखने में समान होते हैं लेकिन उनकी वर्तनी अलग होती है। उनमें छात्र असमंजस में रह जाते हैं। ऐसे अक्षरों के ज्ञान और उनकी लेखनी के बारे में एप के जरिए छात्रों को पढ़ाया जाएगा। इसमें सुंदर और आकर्षक अक्षरों को बनाना और उनको शब्द में जोड़ना बताया जाएगा। परीक्षा के दौरान कुछ छात्र प्रश्नों के उत्तर तो सही देते हैं लेकिन शब्दों व अक्षरों की गड़बड़ी के कारण उत्तर भी गलत हो जाता है। ऐसे में छात्रों को काफी मदद मिलेगी। खंड शिक्षा अधिकारी पवन भाटी ने बताया कि लेखनी सुधार के लिए शिक्षकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही एक एप शुरू होगा। उसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को पढ़ाया जाएगा।