सिहानी गांव में बाइक सवार दो बदमाश एक मेडिकल स्टोर संचालक को गोली मारकर भाग गए। घायल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिहानी गेट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
सिहानीगेट थाना के सिहानी गांव निवासी श्रीकांत त्यागी (32) पुत्र मूलचंद त्यागी घर पर ही मेडिकल स्टोर चलाते हैं। सिहानी गांव में ही उनका केआर नाम से फार्म हाउस भी है। पुलिस का कहना है कि सोमवार को श्रीकांत की चचेरी बहन की शादी है। वह फार्म हाउस पर तैयारियों में जुटे थे। शाम करीब चार बजे जब वे कुछ लोगों के साथ फार्म हाउस के बाहर खड़े बातें कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और श्रीकांत को गोली मारकर भाग गए। घायल श्रीकांत को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि श्रीकांत की कमर में गोली लगकर पार हो गई हैं। हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों ने पुलिस को बताया कि दोनों बदमाशों ने चेहरे ढक रखे थे। परिजनों का कहना है कि श्रीकांत की किसी से रंजिश नहीं है और न ही उनका किसी बात पर किसी से विवाद है। हालांकि पुलिस का मानना है कि घटना में किसी नजदीकी या जानकार का हाथ हो सकता है। परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को तलाशने में जुटी है। सिहानी गेट थाना प्रभारी गजेंद्र पाल सिंह का कहना है कि श्रीकांत के भाई विक्रांत त्यागी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मेडिकल स्टोर संचालक को गोली मारी