मुंबई में गिरफ्तार हुए डॉ. कफील को ट्रांजिट रिमांड पर लाने के लिए सिविल लाइंस पुलिस वहां पहुंच गई और बृहस्पतिवार को मुंबई के न्यायालय से उसका दो फरवरी का ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे हिरासत में ले लिया है। अब 2 फरवरी को स्थानीय सीजेएम न्यायालय में उसे पेश किया जाएगा। यहां न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसके जेल जाने या जमानत मिलने का भविष्य तय होगा।
एएमयू में नागरिकता संशोधन कानून, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में स्वराज इंडिया मूवमेंट के अध्यक्ष योगेंद्र यादव के साथ डॉ. कफील 12 दिसंबर को यहां छात्रों के बीच पहुंचे थे। डॉक्टर कफील ने भड़काऊ बयानबाजी की थी। 13 दिसंबर को उनके विरुद्ध सिविल लाइन थाने के सब इंस्पेक्टर दानिश की ओर से मुकदमा पंजीकृत कराया गया था।
इसी मुकदमे में एसटीएफ मुंबई ने उसे गिरफ्तार किया है। इधर, गिरफ्तारी की खबर पर सिविल लाइंस पुलिस की एक टीम सब इंस्पेक्टर निजामुद्दीन की अगुवाई में मुंबई भेजी गई है। बृहस्पतिवार को इस टीम ने वहां ट्रांजिट रिमांड आवेदन किया। जिस पर अदालत ने 2 फरवरी का ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दिया है। अब पुलिस उसे यहां लेकर आएगी और 2 फरवरी को न्यायालय में पेश करेगी। एसएसपी आकाश कुलहरि ने दो फरवरी का ट्रांजिट रिमांड मिलने की पुष्टि की है।
शरजील इमाम को बी वारंट पर लाएगी पुलिस
सिविल लाइंस थाने में दर्ज देशद्रोह के मुकदमे के आरोपी जेएनयू छात्र शरजील इमाम को बी वारंट पर यहां लाया जाएगा। शुक्रवार को सिविल लाइंस पुलिस स्थानीय न्यायालय में बी वारंट आवेदन करेगी और फिर उसे दिल्ली के न्यायालय में दाखिल किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली न्यायालय की अनुमति मिलने पर शरजील को यहां लेकर आया जाएगा।