दूसरी पत्नी को गोली मारकर दो घंटे करता रहा मरने का इंतजार

कोतवाली क्षेत्र की बंथला रामविहार कॉलोनी में मंगलवार रात प्रापर्टी डीलर ने अपनी दूसरी पत्नी की झगड़े के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी 80 लाख के कर्जे से परेशान था और उसका दूसरी पत्नी से खर्चे को लेकर झगड़ा होता था। डीलर की पहली पत्नी भी है, जो दूसरे मोहल्ले में अलग मकान में रहती है। आरोपी ने हत्या के दो घंटे बाद पुलिस को बदमाशों द्वारा पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। वह दो घंटे तक पत्नी के मरने का इंतजार करता रहा। वहीं, सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है।
दिल्ली के लाडो सराय में रहने वाली शीला ने बेटी अनीता यादव (30) की शादी 2010 में टीला पुलिस चौकी के पास अंबेडकर कालोनी में रहने वाले प्रापर्टी डीलर आदेश भाटी से की थी। दोनों शादी के बाद से बंथला राम विहार कॉलोनी में रहते थे। अनीता की आदेश भाटी के साथ तीसरी शादी थी। वह आदेश भाटी की दूसरी पत्नी थी। आदेश भाटी दिन में अनीता के साथ राम विहार कालोनी में रहता था और रात में परिवार व पहली पत्नी के साथ अंबेडकर कालोनी में रहता है। प्रापर्टी में नुकसान होने पर आदेश पर करीब 80 लाख का कर्जा हो गया था। अनीता की मां शीला ने बताया कि कर्ज होने से वह अपनी दूसरी पत्नी के खर्चे नहीं उठा पा रहा था। दोनों में पैसों को लेकर झगड़े होते थे। कई बार तो आदेश अनीता से मारपीट तक करता था। मंगलवार को आदेश का अनीता से झगड़ा हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ा कि दोनों में मारपीट होने लगी। गुस्से में आदेश ने रात करीब साढ़े 11 बजे गैर लाइसेंसी पिस्टल से अनीता को गोली मार दी। गोली लगने के करीब दो घंटे बाद आरोपी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि दो बदमाशों ने घर में घुसकर पत्नी को गोली मार दी। पुलिस ने महिला को पति की मदद से दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सख्ती से पूछताछ में कबूला जुर्म
एसपी देहात नीरज जादौन ने बताया कि बदमाशों द्वारा महिला को गोली मारने की सूचना पर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को पति पर शक हुआ। पति से सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया कि वह 80 लाख के कर्जे से परेशान था। दूसरी पत्नी अनीता भी उससे फालतू के खर्चे के लिए पैसे मांगती थी। समय पर पैसे न देने पर झगड़ा करती थी। अनीता उसे छोड़कर किसी और से शादी करने की धमकी देती थी।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
आरोपी दिन में अनीता के पास रहता था। मंगलवार शाम दोनों में फिर से पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़ा के बाद गुस्से में आदेश बंथला रामविहार घर से निकला और दूसरे घर पहुंचा। यहां उसने अलमारी रखी पिस्टल निकालने का प्रयास किया, लेकिन शक होने पर पहली पत्नी ने पिस्टल नहीं निकालने दी और अलमारी का ताला लगा दिया। आदेश ने अलमारी तोड़कर पिस्टल निकाली और कार से रामविहार कालोनी पहुंचा। जहां उसने देर रात वारदात की।
घायल पत्नी से एक घंटे बातें करता रहा आरोपी
रात करीब सवा 11 बजे अनीता को गोली मारने के बाद आरोपी वहीं पिस्टल लेकर बैठा रहा। उसने कमरे में पड़े खून को साफ किया और गोली लगने से घायल अनीता से बात करता रहा। इसके बाद उसने सास को फोन कर बदमाशों द्वारा अनीता को गोली मारने की सूचना दी। एक घंटे बाद आरोपी घर से पिस्टल लेकर अंबेडकर कालोनी स्थित मकान पर पहुंचा। उसने पिस्टल वहां छुपा दी। इसके बाद वापस रामविहार कालोनी स्थित घर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब पहुंची तो अनीता की सांसें चल रही थीं।
अनीता ने की तीन शादियां
अनीता की मां शीला ने बताया कि 2001 में अनीता की शादी सीमापुरी बार्डर दिल्ली निवासी धर्मेंद्र से की थी। अनीता का एक बेटा भी था। चार साल बाद अनीता पहले पति धर्मेंद्र के साथ लोनी में शिफ्ट हो गई थी। यहां कुछ दिनों बाद दोनों झगड़े के बाद अलग हो गए थे। अनीता ने बेटे को उसके पिता के साथ छोड़ दिया था। इसके बाद अनीता की बड़ी शादीशुदा बहन की मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने अनीता की शादी उसके जीजा से कर दी। जीजा के साथ भी अनीता ज्यादा दिन नहीं रही। कुछ दिनों बाद दोनों अलग हो गए थे। 2010 में आदेश और अनीता की मुलाकात हुई। दोनों अलग अलग जाति से थे, लेकिन परिवार की मर्जी से दोनों ने शादी की थी।
किराएदारों और पड़ोसियों को नहीं आई आवाज
रामविहार में आदेश ने अनीता के लिए दो मंजिला मकान बनाया था। नीचे वाले फ्लोर पर अनीता रहती थी और दूसरे फ्लोर पर किराएदार रहते हैं। घटना के दौरान किराएदार अमित पत्नी नेहा और एक बच्चे के साथ मंगलवार को घर में सो रहे थे। उन्होंने बताया कि कूलर की आवाज तेज होने से उन्हें ना तो झगड़े की आवाज आई और ना ही गोली चलने की। वहीं पड़ोसियों को भी गोली चलने की आवाज नहीं सुनाई दी।
कोट
आरोपी घटना के दौरान नशे में था। नशे की हालत में उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने घर से खून से सनी चादर और कपडे़ भी बरामद की है।